Maharajganj Times

महराजगंज में चन्दन-गंडक नदी के जलस्तर का निरीक्षण, एडीएम ने अधिकारियों को दिए सतर्क रहने के निर्देश

Maharajganj
Saturday, 26 Sep, 2026
0
215

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। शनिवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार ने निचलौल तहसील क्षेत्र में चन्दन और गंडक नदी के जलस्तर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी के तटवर्ती क्षेत्रों और तटबंधों की स्थिति का जायजा लिया। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश से प्राप्त आगामी दो दिनों के वर्षा पूर्वानुमान के मद्देनजर एडीएम ने शाम करीब छह बजे चन्दन नदी तथा 6:45 बजे गंडक नदी के बी-गैप स्थित ठोकर संख्या-01 का निरीक्षण किया। अधिकारियों से जलस्तर और नदी की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि लगातार बारिश के कारण नदियों के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। नदी या तटबंध की स्थिति में किसी भी तरह का बदलाव सामने आने पर तत्काल सूचना देने को कहा गया है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।